Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना : स्कूटी को टक्कर मारकर गारमैंट शॉप के वर्कर को गिराया, फिर इनोवा में अगवा कर “70 हजार लूटे

April 27, 2024

लुधियाना : स्कूटी को टक्कर मारकर गारमैंट शॉप के वर्कर को गिराया, फिर इनोवा में अगवा कर “70 हजार लूटे

लुधियाना: पेमैंट क्लैक्शन कर घर जा रहे गारमैंट शॉप के वर्कर की स्कूटी को इनोवा कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद इनोवा सवारों ने स्कूटी सवार वर्कर को जबरन कार में बैठाया और कोहाड़ा की तरफ ले गए। उन लोगों ने उससे गन प्वाइंट पर 70 हजार रुपए लूट लिए और उसे कोहाड़ा में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। वर्कर ने इस बारे में अपने मालिकों को बताया और फिर पुलिस को सूचना दी।

थाना जमालपुर की पुलिस ने इस मामले में अज्ञात इनोवा कार सवारों पर छीना-झपटी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाल रही है। यह वारदात जी.टी.बी. नगर, चंडीगढ़ रोड के रहने वाले बलजीत सिंह के साथ हुई। बलजीत सिंह का कहना है कि वह अकालगढ़ मार्कीट में गारमैंट शॉप पर काम करता है। उसने बताया कि घटना 24 अप्रैल की है।

वह रास्ते में 2 पार्टियों से दुकान की 70 हजार रुपए की पेमैंट क्लैक्ट कर स्कूटी पर घर जा रहा था। चंडीगढ़ रोड पर जब वह वीर पैलेस के साथ वाली गली में मुड़ा तो पीछे से आ रही गोल्डन रंग की इनोवा कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह नीचे गिर गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, कार से 2 लोग उतरे और उसे जबरन कार में बैठा लिया। बलजीत का कहना है कि उनके पास 2 पिस्टल व एक तेजधार हथियार था।

उन लोगों ने उसे हथियारों से धमकाया और उससे 70 हजार रुपए छीन लिए। इसके बाद वह लोग उसे कोहाड़ा में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। उसने इस बारे में अपने मालिकों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई। थाना जमालपुर के जांच अधिकारी ए.एस.आई. पलविंदर सिंह का कहना है कि इनोवा कार सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी पहचान के लिए सी.सी.टी.वी. कैमरे चैक किए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें