Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना: गैसपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में गंदे पानी की समस्या से परेशान, 350 फैक्ट्रियों का कारोबार ठप

लुधियाना: शहर के गैसपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में टूटी सड़कों और गलियों में जमा गंदे पानी के कारण उद्योगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से समस्या का समाधान न होने पर कारोबारियों का गुस्सा फूट पड़ा। कारोबारियों ने विरोध जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे अपनी फैक्ट्रियों की चाबियां डिप्टी कमिश्नर (DC) को सौंप देंगे।

इस संबंध में कारोबारियों ने बताया कि पिछले करीब छह महीनों से इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कों और गलियों में गंदा पानी जमा है। इसके चलते न केवल फैक्ट्रियों में कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि लुधियाना के बाहर से आने वाले ग्राहक भी उनकी फैक्ट्रियों तक पहुंचने से कतरा रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार, इस समस्या से इलाके की करीब 350 फैक्ट्रियां प्रभावित हुई हैं।

कारोबारियों ने कहा कि दिवाली का त्योहार नजदीक है, लेकिन मौजूदा हालात के कारण उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर लुधियाना साउथ हलके के विधायक के समक्ष भी मामला उठाया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकला। प्रशासन की अनदेखी से परेशान होकर कारोबारियों को आज करीब आधे घंटे तक अपनी फैक्ट्रियां बंद रखकर विरोध जताना पड़ा।

कारोबारियों ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही गैसपुरा इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कों और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे अपनी फैक्ट्रियों की चाबियां DC को सौंपने के लिए मजबूर होंगे। इसके साथ ही उन्होंने आगामी चुनावों में सरकार का बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी है।

📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

Exit mobile version