लुधियाना: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही नकली पनीर, खोया और मिठाइयों की बिक्री के मामले सामने आने लगते हैं। दिवाली में अभी करीब एक महीना बाकी है, लेकिन लुधियाना स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज सुबह तड़के डेहलों के पास नाका लगाकर मलैरकोटला की ओर से आने वाली गाड़ियों की जांच की। इस दौरान पनीर लेकर आ रही तीन गाड़ियों को चेक किया गया।
अधिकारियों ने इन गाड़ियों से करीब छह सैंपल लिए। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में ऐसा पनीर भी मिला, जो प्रथम दृष्टया एनालॉग या नकली पनीर होने का संदिग्ध लगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर को नष्ट कर दिया।
सितंबर में करीब 30 सैंपल लिए
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि सितंबर महीने के दौरान विभाग की ओर से नकली पनीर, नकली खोया और यहां तक कि नकली मसालों के भी दर्जनों सैंपल लिए गए हैं। करीब 30 सैंपल लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
अधिकारी के अनुसार, जांच के बाद कई मामलों में जुर्माना लगाया गया है, जबकि कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं, कुछ मामलों में लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की गई है।
त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा
दिवाली और अन्य त्योहारों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विभाग की ओर से आने वाले दिनों में भी खाद्य पदार्थों की जांच और सैंपलिंग जारी रखने की बात कही गई है, ताकि लोगों तक नकली और मिलावटी खाद्य सामग्री पहुंचने से रोका जा सके।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

