लुधियाना: रक्षा बंधन के त्योहार से पहले लुधियाना में हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से मिठाई की दुकानों और फैक्ट्रियों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने जस्सी रोड स्थित अमेवी स्वीट फैक्ट्री पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान टीम को बेहद गंदे और अस्वच्छ तरीके से तैयार की जा रही मिठाइयां मिलीं। विभाग ने करीब तीन क्विंटल अलग-अलग तरह की मिठाइयां जब्त की हैं। अधिकारियों ने मिठाइयों के सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद मिठाइयां खाने योग्य नहीं थीं और इन्हें तैयार करने में खराब मिठाइयों और पुराने सिरप का इस्तेमाल किया जा रहा था।
DHO आशीष चावला ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी, जिसके आधार पर जस्सी रोड स्थित मिठाई फैक्ट्री में कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि मौके पर मिठाइयां बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की जा रही थीं, जो लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। आशीष चावला ने बताया कि फिलहाल फूड सेफ्टी टीम की ओर से चालान की कार्रवाई की जाएगी और लिए गए सैंपलों की जांच करवाई जाएगी। वहीं, जब्त की गई खराब मिठाइयों को नष्ट किया जाएगा।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

