लुधियाना: सस्ते सामान और मुफ्त ऑफर के लालच में कई बार लोग अपनी सेहत से समझौता कर बैठते हैं। इसी बीच लुधियाना के हेल्थ डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टिब्बा रोड स्थित एक डिस्ट्रीब्यूटर और गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान अलग-अलग ब्रांडों का भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट वाला खाद्य सामान बरामद किया गया, जिसे विभाग ने जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह सामान राजस्थान से मंगवाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ उत्पाद एक्सपायरी डेट से एक-दो दिन पहले ही मंगवाए गए थे और उनकी बिलिंग भी हो चुकी थी। छापेमारी के दौरान कई ऐसे पैकेट भी मिले, जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। बरामद सामान में चिप्स, कुरकुरे, सूखे दूध के पैकेट और एक प्रसिद्ध कंपनी के कोल्ड ड्रिंक पाउडर सहित अन्य खाद्य उत्पाद शामिल हैं।
इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) डॉ. आशीष चावला ने बताया कि विभाग को इस मामले में गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टिब्बा रोड स्थित एक डिस्ट्रीब्यूटर और उसके गोदाम पर छापेमारी की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी डेट वाले खाद्य उत्पाद बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गोदाम मालिक से बरामद सामान के बिल और खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं।
विभाग इन दस्तावेजों की जांच कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि एक्सपायरी डेट वाले उत्पाद कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे सस्ते दामों या मुफ्त ऑफर के लालच में एक्सपायरी डेट वाले खाद्य उत्पाद न खरीदें। सामान खरीदते समय उसकी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें, ताकि किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य नुकसान से बचा जा सके।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

