पंजाबः लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पीएयू) के पास मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्विफ्ट कार सराभा नगर मार्केट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। जैसे ही कार पीएयू के पास पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार में फंसे चालक को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार चला रहा लड़का नाबालिग था, जिसे मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में तेज रफ्तार से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे न केवल चालक बल्कि राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन या राहगीर कार की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

