Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना: माछीवाड़ा में दिवाली की रात ट्रांसफॉर्मर के खंभे पर चढ़ा व्यक्ति, करीब साढ़े 8 घंटे तक बैठा रहा

November 10, 2026

लुधियाना: माछीवाड़ा में दिवाली की रात ट्रांसफॉर्मर के खंभे पर चढ़ा व्यक्ति, करीब साढ़े 8 घंटे तक बैठा रहा

लुधियाना: जिले के माछीवाड़ा में दिवाली की रात एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। स्थानीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास बालीबेग बस्ती निवासी विक्रम साहनी रात करीब 10 बजे बिजली सप्लाई ट्रांसफॉर्मर के खंभे पर चढ़ गया और पूरी रात वहीं बैठा रहा।

सुबह खेतों की ओर जा रहे पार्षद अमनदीप सिंह तनेजा की नजर ट्रांसफॉर्मर पर बैठे विक्रम साहनी पर पड़ी। उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी विजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक विक्रम को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ।

आखिरकार पुलिस टीम बिजली विभाग के कार्यालय पहुंची और ट्रांसफॉर्मर की बिजली सप्लाई बंद करवाई। इसके बाद पुलिसकर्मी खंभे पर चढ़े और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद विक्रम साहनी को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

नीचे उतारे जाने के बाद व्यक्ति नशे की हालत में दिखाई दे रहा था। उसने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे कुछ लोग उसके पीछे उसे मारने के लिए दौड़ रहे थे। अपनी जान बचाने के डर से वह ट्रांसफॉर्मर के खंभे पर चढ़ गया था। उसने यह भी दावा किया कि उसने बिजली के तारों को छुआ था, लेकिन उनमें करंट नहीं था।

हैरानी की बात यह रही कि जिस ट्रांसफॉर्मर के नंगे तारों के पास बिजली विभाग के कर्मचारी भी सप्लाई बंद किए बिना जाने से बचते हैं, उसी पर विक्रम करीब साढ़े आठ घंटे तक बैठा रहा और सुरक्षित बच गया। पुलिस विक्रम साहनी को अपने साथ थाने ले गई और उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें