लुधियाना: पंजाब भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने लुधियाना के उद्योगपतियों और व्यापारियों के खिलाफ पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए यह एफआईआर को तुरंत वापस लेने की मांग की।
आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों और व्यापारियों की ओर से लगातार 8 से 10 घंटे लग रहे बिजली कटों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था, लेकिन ‘आप’ सरकार ने उनकी मांग मानने के बजाय करीब 250 उद्योगपतियों और व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज करके उनके साथ अन्याय किया है।
सरीन ने कहा कि सत्ता में आने से पहले केजरीवाल ने व्यापार और उद्योगों को 24 घंटे और सस्ती बिजली उपलब्ध कराने का वादा किया था। लेकिन अब सत्ता के नशे में चूर ‘आप’ सरकार द्वारा लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं और प्रदर्शन करने वाले उद्योगपतियों व व्यापारियों की आवाज को तानाशाही रवैये के साथ दबाया जा रहा है।
सरीन ने कहा कि पंजाब भाजपा उद्योगपतियों और व्यापारियों के साथ खड़ी है और किसी भी व्यापारी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। पंजाब में कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार की ऐसी नीतियों के कारण उद्योग राज्य से पलायन कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार उद्योगपतियों और व्यापारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर तुरंत वापस ले और उद्योगों को बिना बिजली कट के पूरे समय बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल,महामंत्री शीनू चुघ, कैलाश चौधरी, उपाध्यक्ष महेश शर्मा,खजांची बॉबी जिंदल,प्रदेश सोशल मीडिया के सह संयोजक राजन पांधे,प्रेस सचिव डा सतीश कुमार,को प्रेस सचिव अमित नागी,ललित चौहान इत्यादि मौजूद थे।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

