Ludhiana Fire पंजाब डेस्क : लुधियाना के दुगरी रोड से एक बड़ी खबर सामने आई है। आपको बता दें कि यहां देर रात एक कार एक्सेसरीज़ की दुकान की तीन मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। स्थानीय दुकानदारों और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बिजली गुल होने के बाद यह हादसा हुआ, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह है कि किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के समय दुकान बंद थी। आसपास के दुकानदारों ने सबसे पहले आग की लपटें देखीं और तुरंत मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। कुछ युवकों और दुकानदारों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल गई कि उसे काबू पाना मुश्किल हो गया। आग की लपटें देखते ही तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात भर की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था। दमकल कर्मियों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि इसे बुझाने में काफी समय लगा।
कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया
दुकान के मालिक ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद करके घर ही पहुंचा था कि पास के दुकानदार का फोन आया कि उसकी दुकान में आग लग गई है। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि पूरा शोरूम आग की लपटों में घिरा हुआ था। उन्होंने कहा, “अगर मैं थोड़ी देर और दुकान पर रुक जाता, तो शायद कोई बड़ा हादसा हो सकता था।” आसपास के दुकानदारों ने बताया कि आग लगने की शुरुआत ऊपरी मंजिल से हुई और कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने रातभर रुककर इलाके को सुरक्षित करने और आग पूरी तरह बुझाने का काम किया। फिलहाल प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत है और वे लगातार अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

