Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियानाः गांव डल्ले में दूध उत्पादक जागरूकता शिविर आयोजित, डेयरी किसानों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

October 29, 2026

लुधियानाः गांव डल्ले में दूध उत्पादक जागरूकता शिविर आयोजित, डेयरी किसानों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

लुधियानाः कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां तथा डेयरी विकास विभाग पंजाब के निदेशक के मार्गदर्शन में लुधियाना के उप निदेशक डेयरी विकास वरयाम सिंह गिल के निर्देशानुसार सुरिंदर सिंह द्वारा गांव डल्ले, ब्लॉक लुधियाना-1 में एक दिवसीय दूध उत्पादक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक डॉ. गुरनाम सिंह सेखों, पूर्व उप निदेशक डेयरी विकास बलविन्दर सिंह पंढेर, डेयरी विकास निरीक्षक सुखविन्दर सिंह तथा सुश्री अंकित कपूर ने डेयरी किसानों को डेयरी विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर डेयरी किसानों को संतुलित पशु आहार, हरे चारे की उचित व्यवस्था, पशुओं की देखभाल तथा दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक डेयरी प्रबंधन तकनीकों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, नई डेयरी इकाइयां स्थापित करने और मौजूदा डेयरी फार्मों के आधुनिकीकरण के लिए डेयरी ऋण संबंधी मामलों को तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।

विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि पात्र लाभार्थी निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार डेयरी इकाइयां स्थापित करने, पशुओं के लिए शेड का निर्माण करने तथा दूध निकालने वाली मशीनों की खरीद के लिए उपलब्ध सहायता एवं सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। इसके साथ ही पशुपालकों को रियायती दरों पर पशुधन बीमा करवाने की योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लाभार्थियों के लिए विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए जाने वाले निःशुल्क डेयरी प्रशिक्षण के संबंध में भी जागरूक किया गया।

डेयरी किसानों से अपील की गई कि वे विभाग से संपर्क कर विभिन्न योजनाओं की पात्रता, नियमों, शर्तों तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त करें और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। इस जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य डेयरी किसानों को सरकारी योजनाओं एवं आधुनिक डेयरी प्रबंधन तकनीकों के प्रति जागरूक करना, डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभदायक बनाना तथा किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए प्रोत्साहित करना था।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें