Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

जमीन के झगड़े में पूर्व सरपंच की हत्या

October 4, 2026

जमीन के झगड़े में पूर्व सरपंच की हत्या

Ludhiana Police Uncover Family Land Feud : लुधियाना। मानेवाल गांव के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीतू की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश नहीं, बल्कि परिवार में लंबे समय से चला आ रहा संपत्ति विवाद मुख्य वजह है। मृतक और उसके भाई के बीच जमीन को लेकर विवाद अदालतों तक पहुंचा हुआ था।

खबरों के मुताबिक, नवतेज सिंह देर शाम मानेवाल गांव से अपनी इनोवा कार में घूमर मंडी स्थित अपने घर जा रहे थे। जब वे लधोवाल बाईपास के पास साउथ सिटी रोड पर बने पुल पर पहुंचे, तो मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने, जो पहले से ही सड़क पर मौजूद थे, उनकी गाड़ी को रोक लिया। हमलावरों ने कार पर करीब 10 राउंड फायरिंग की और मौके से भाग गए।

इस गोलीबारी में नवतेज सिंह की मौत हो गई। पुलिस कमिश्नर सपना शर्मा के अनुसार, जांच में पता चला है कि नवतेज सिंह और उनके भाई के बीच लंबे समय से संपत्ति का विवाद चल रहा था। पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी थी और उनसे जुड़े संपत्ति के मामले लुधियाना की अदालतों और पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में लंबित थे।

पुलिस ने खुलासा किया कि एक भाई के पास करीब चार किले ज़मीन थी, जबकि दूसरे के पास 44 किले ज़मीन थी। हत्या के पीछे इसी संपत्ति विवाद को मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने साफ किया कि अब तक की जांच में कोई राजनीतिक पहलू सामने नहीं आया है और यह मामला पारिवारिक झगड़े का नतीजा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें