लुधियाना: पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) लुधियाना में रंगाई इकाइयों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एक रंगाई इकाई पर 6.42 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है और संचालकों को यह जुर्माना 15 दिनों के भीतर जमा कराना है। पीपीसीबी की इस कार्रवाई के बाद रंगाई उद्योग संचालकों में खलबली मच गई है।
लुधियाना में सुमित निट फैब नामक रंगाई इकाई पर उक्त कार्रवाई की गई है। बोर्ड ने इकाई संचालकों द्वारा प्रदूषण अधिनियम का उल्लंघन करने के कारण यह कार्रवाई की है। नियमों के विरुद्ध जाने पर इस इकाई के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। आपको बता दें, पिछली बार जब बोर्ड ने इस रंगाई इकाई पर कार्रवाई की थी, तो बिजली कनेक्शन काट दिया गया था।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई:
प्रदूषण अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने पर उक्त रंगाई इकाई के खिलाफ पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास शिकायत पहुंची थी। पता चला है कि जनवरी 2019 में अधिकारियों ने जांच में पाया था कि उक्त इकाई बिना मंजूरी के चलाई जा रही थी। साथ ही सीवर में बिना उपचारित डिस्चार्ज भी डाला जा रहा था। फैक्ट्री में लगा एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) ठीक हालत में नहीं था। जब डिस्चार्ज सैंपल लेकर जांच की गई तो पैरामीटर सही नहीं पाए गए।
इन हालातों में 2019 में बिजली कनेक्शन काटने के आदेश दिए गए थे। इसके बाद कुछ शर्तों के साथ फैक्ट्री को चलाने की अनुमति दी गई थी। अगस्त 2020 में जब शिकायत एनजीटी की मॉनिटरिंग कमेटी के पास पहुंची तो यूनिट के संचालक पुराने रिकॉर्ड पेश नहीं कर पाए। इसलिए अब जब टीम जांच के लिए पहुंची तो फैक्ट्री में कई हानिकारक केमिकल बिखरे मिले। यूनिट द्वारा किए गए पिछले रिकॉर्ड और वर्तमान उल्लंघनों को देखते हुए बोर्ड प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए संचालकों पर 6,42,25,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

