Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ludhiana News: शादी से पहले युवक ने होटल में खुद को मारी गोली, मातम में बदली खुशियां

December 29, 2025

Ludhiana News: शादी से पहले युवक ने होटल में खुद को मारी गोली, मातम में बदली खुशियां

पंजाब डेस्क: लुधियाना जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी शादी से कुछ दिन पहले लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव रायकोट स्थित एक होटल के कमरे से बरामद हुआ। 16 जनवरी को उसकी शादी तय थी, लेकिन उससे पहले ही यह घटना पूरे परिवार के लिए गहरे सदमे का कारण बन गई।

होटल के कमरे में मिला शव

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक कमल रायकोट में बरनाला चौक के पास स्थित सिमर होटल में ठहरा हुआ था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से एक रात पहले उसने अपने दोस्तों के साथ शराब पार्टी की थी। पार्टी के बाद वह दोस्तों को उनके गांव छोड़कर वापस होटल लौट आया। सोमवार सुबह होटल के कमरे में उसने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गोली की आवाज से मचा हड़कंप

सुबह तड़के गोली चलने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कमरा अंदर से बंद था, जिसके बाद मास्टर चाबी की मदद से दरवाजा खोला गया। अंदर का नजारा बेहद भयावह था कमल खून से लथपथ पड़ा था और पास में ही पिस्तौल रखी हुई थी। कर्मचारियों ने तुरंत रायकोट सिटी पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच

सूचना मिलते ही रायकोट सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी रायकोट हरजिंदर सिंह और थाना सिटी प्रभारी गुरसेवक सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मानसिक तनाव की आशंका

मृतक की पहचान कमल के रूप में हुई है, जो गांव जलाल दीवाल का रहने वाला था। उसका परिवार खेती-बाड़ी से जुड़ा हुआ है। उसका छोटा भाई कनाडा में रहता है और बड़े भाई की शादी में शामिल होने के लिए हाल ही में भारत आया था। दोस्तों के अनुसार, शादी की तारीख तय होने के बाद से कमल मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। वह अक्सर भावुक हो जाता था और अपने बढ़ते वजन को लेकर भी तनाव में रहता था।

शादी की तैयारियों के बीच टूटा दुखों का पहाड़

जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की रौनक होनी थी, वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है। परिजन शादी की खरीदारी में जुटे थे और हर चीज कमल की पसंद से ली जा रही थी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

ये भी पढ़ें: खेल जगत में पसरा मातम… Ashes सीरीज के दौरान पूर्व बल्लेबाज का निधन

पुलिस कर रही हर पहलू से जांच

डीएसपी रायकोट हरजिंदर सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों और दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें