Site icon Dainik Savera Times

जालंधर में आज ‘मां बोली पंजाबी मार्च’ का आयोजन: पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख भी हुए शामिल, 150 पुलिस जवान तैनात

'Maa Boli Punjabi March' organised in Jalandhar today

'Maa Boli Punjabi March' organised in Jalandhar today

पंजाब डेस्क : जालंधर में आज ‘मां बोली पंजाबी मार्च’ का आयोजन पंजाबी जागृति मंच द्वारा किया जा रहा है। इस मार्च में पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख भी पहुंचे। यह मार्च सुबह 10:30 बजे लायलपुर खालसा स्कूल (नकोदर रोड) से शुरू हुआ जो देश भगत यादगार हॉल पर समाप्त होगा। मार्च का उद्देश्य पंजाबी भाषा के सम्मान और प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता फैलाना है।

मार्च का रूट और आयोजन

मार्च लायलपुर खालसा स्कूल से शुरू होकर कई प्रमुख चौकों और सड़कों से गुजरते हुए देश भगत यादगार हॉल में संपन्न होगा। इसके रास्ते में डॉ. बीआर अंबेडकर चौक (नकोदर चौक), भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक), कंपनी बाग और नामदेव चौक जैसी प्रमुख जगहें शामिल हैं। इस आयोजन में पंजाबी संगीत जगत के प्रसिद्ध गायक मनकीरत औलख के अलावा अन्य कई पंजाबी सिंगर भी शामिल होंगे, जो इसे और भी रंगीन बनाएंगे।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था

मार्च के दौरान शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि इस मौके पर 150 पुलिस कर्मचारी सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं और ट्रैफिक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कई प्रमुख मार्गों को अगले तीन घंटों के लिए डायवर्ट कर दिया गया है। प्रशासन ने जनता को सूचना दी है कि वे कुछ स्थानों से बचकर चलें, जहां मार्च का असर पड़ेगा।

प्रभावित मार्गों में श्री गुरु रविदास चौक, टी पॉइंट खालसा स्कूल, रिजेंट पार्क, फुटबॉल चौक, डॉ. बीआर अंबेडकर चौक, गुरु नानक मिशन चौक, और पीएनबी चौक जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: 

बड़े अधिकारी रहेंगे तैनात

इस कार्यक्रम के दौरान शहर के उच्च अधिकारी भी तैनात रहेंगे, जिनमें जॉइंट कमिश्नर संदीप शर्मा, एडीसीपी सुखविंदर सिंह, एडीसीपी विनीत अहलावत, एसीपी कमलेश कौर और एसीपी परमिंदर सिंह सहित थाना-2, थाना-4 और मॉडल टाउन के एसएचओ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

‘मां बोली पंजाबी मार्च’ का आयोजन पंजाबी भाषा के प्रति सम्मान और प्रेम को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, और इसके साथ ही जालंधर के नागरिकों को एकता और सामूहिकता का संदेश भी दिया जा रहा है।

Exit mobile version