
बठिंडा: सांसद कंगना रनौत के खिलाफ मानहानि मामले में बठिंडा कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 5 नवंबर की तारीख तय की है। सुनवाई के दौरान 80 वर्षीय माता महिंदर कौर बीमारी के बावजूद व्हीलचेयर पर अदालत पहुंचीं। आज उनकी गवाही होनी थी, लेकिन अदालत में समय की कमी के चलते गवाही नहीं हो सकी और सुनवाई अगली तारीख तक टाल दी गई।
इस दौरान कंगना रनौत वर्चुअल माध्यम से अदालत में पेश हुईं, जबकि माता महिंदर कौर अपने पति और वकील के साथ कोर्ट पहुंचीं। उम्र और खराब स्वास्थ्य के बावजूद माता महिंदर कौर का केस लड़ने का जज़्बा देखने को मिला।
“मरते दम तक लड़ूंगी केस”- माता महिंदर कौर
मीडिया से बातचीत करते हुए माता महिंदर कौर ने कहा कि वह यह केस मरते दम तक लड़ेंगी। उनका कहना है कि कंगना रनौत द्वारा उनकी तस्वीर पोस्ट करने और उनके खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियां करने से उनके रिश्तेदारों और करीबियों के सामने उनकी बेइज्जती हुई है। उन्होंने कहा कि वह इस अपमान को कभी माफ नहीं करेंगी। माता महिंदर कौर ने आगे कहा कि बीमारी के बावजूद वह अपने केस की लड़ाई जारी रखेंगी। उन्होंने बताया कि किसान यूनियन का साथ अब उन्हें नहीं मिल रहा, लेकिन उनका परिवार उनके साथ खड़ा है और वह अपना केस लड़ रही हैं।
वकील ने बताई अगली सुनवाई की तारीख
माता महिंदर कौर के वकील रघबीर सिंह बहनीवाल ने कहा कि बीमारी की हालत में भी उनका अदालत पहुंचना उनके मजबूत हौसले को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि आज समय की कमी के कारण उनकी गवाही नहीं हो सकी। अब अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 5 नवंबर 2026 की तारीख तय की है।
कंगना के खिलाफ कथित अपशब्दों को लेकर भी दी अर्जी
वकील रघबीर सिंह बहनीवाल के अनुसार, अदालत में एक अन्य अर्जी भी दाखिल की गई है। इसमें कहा गया है कि केस दर्ज होने के बाद माता महिंदर कौर ने कुछ मीडिया संस्थानों को दिए इंटरव्यू में सांसद कंगना रनौत के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। वकील ने बताया कि इन बयानों से संबंधित वीडियो सबूत अगली सुनवाई पर अदालत में पेश किए जाएंगे। अब इस मामले में अगली सुनवाई 5 नवंबर 2026 को होगी, जहां माता महिंदर कौर की गवाही और अन्य संबंधित पहलुओं पर आगे की कार्यवाही होने की उम्मीद है।
📍 Location: Bathinda
मेष: दिन शुभ रहेगा...