Site icon Dainik Savera Times

थाना मजीठा रोड पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार; चोरी के 6 वाहन बरामद

अमृतसर: पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल, IPS के निर्देशों पर तथा ADCP सिटी-2 सिरीवेनेला, IPS के दिशा-निर्देशन और ACP नॉर्थ गगनदीप सिंह की निगरानी में थाना मजीठा रोड पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

थाना मजीठा रोड के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार की अगुवाई में ASI जगदीश कुमार सहित पुलिस पार्टी ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एक्टिवा और पांच मोटरसाइकिल समेत कुल छह चोरीशुदा वाहन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रीतपाल पुत्र राजपाल, निवासी मून एवेन्यू, नजदीक एस.के. अस्पताल, अमृतसर, उम्र करीब 20 वर्ष। प्रीत पुत्र राज कुमार, निवासी गंडा सिंह वाला, नजदीक मॉडल स्टडी स्कूल, मजीठा रोड, अमृतसर, उम्र करीब 18 वर्ष। मानव सिंह पुत्र मंगल सिंह, निवासी गांव गालोवाली, नजदीक ठठी, जिला मजीठा, उम्र करीब 19 वर्ष। बब्बलू उर्फ सुखदेव सिंह उर्फ बल्लू उर्फ जैजी पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गांव गालोवाली, नजदीक ठठी, जिला मजीठा, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है।

कुल 6 चोरीशुदा वाहन बरामद

01 एक्टिवा, फर्जी नंबर PB02-VA-0116
03 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बिना नंबर
01 TVS मोटरसाइकिल, नंबर PB91-6201
01 डिस्कवर मोटरसाइकिल, नंबर PB02-CP-5826
गश्त के दौरान एक्टिवा सवार दो युवक काबू

पुलिस के अनुसार मुकदमा नंबर 114 दिनांक 21.08.2026, धाराओं 303(2), 317(2), 341(2), 338, 336(3), 340(2), 3(5) BNS, थाना मजीठा रोड, अमृतसर शहर के तहत कार्रवाई की जा रही थी।

ASI जगदीश कुमार पुलिस पार्टी के साथ गश्त के संबंध में ट्रिलियम मॉल से मेडिकल कॉलेज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मेडिकल कॉलेज के गेट के पास पुलिस टीम को एक्टिवा पर सवार दो युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने अचानक पीछे मुड़ने का प्रयास किया।

शक के आधार पर पुलिस ने दोनों को काबू कर पूछताछ की। उनकी पहचान प्रीतपाल और प्रीत के रूप में हुई।

पूछताछ में चोरीशुदा वाहनों का खुलासा

एक्टिवा के दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह एक्टिवा शहर से चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर एक एक्टिवा और दो अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

पूछताछ के दौरान सामने आए दो अन्य आरोपियों मानव सिंह और बब्बलू उर्फ सुखदेव सिंह उर्फ बल्लू उर्फ जैजी को पुलिस ने 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया।

आरोपियों से आगे भी पूछताछ जारी

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इसके साथ ही उनसे अन्य वाहन चोरी की वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता को लेकर भी गहन पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version