Site icon Dainik Savera Times

नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बाघापुराना में 8 मामले दर्ज, 8 आरोपी गिरफ्तार

मोगा: पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सब-डिवीजन बाघापुराना पुलिस ने 30 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाकर नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 8 मामले दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 32 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल, आईपीएस ने बताया कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘पिंडां दे पहरेदार’ अभियान के तहत पुलिस टीमों ने बाघापुराना सब-डिवीजन के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त और जांच अभियान चलाया। 1, 3 और 4 अक्टूबर को विशेष रूप से ‘ड्रग हॉट स्पॉट’ क्षेत्रों की तलाशी लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

पुलिस के अनुसार, नशे का सेवन करने वाले 4 व्यक्तियों को नशा छुड़ाओ केंद्र में दाखिल करवाया गया है, ताकि उन्हें नशे की लत से बाहर निकालकर सामान्य जीवन की ओर लौटाया जा सके। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 18 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई अमल में लाई गई। इनमें 2 के खिलाफ धारा 126/170 बीएनएस तथा 16 के खिलाफ धारा 172 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए भी पुलिस ने अभियान चलाया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के कुल 144 चालान किए गए।

एसएसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल पुलिस की कार्रवाई तक सीमित नहीं है। पुलिस द्वारा गांवों और शहरों में पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों, प्रमुख नागरिकों तथा आम लोगों के साथ बैठकें कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे का कारोबार करने वाले तस्करों संबंधी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ मोगा पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी और नशा तस्करों व नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version