पंजाब डेस्क: पटियाला से एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। इस घटना में पिता और बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि मां और बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
मृतकों की पहचान विकास बातिश (45) और उनकी बेटी खुशी बातिश (13) के रूप में हुई है। वहीं, विकास की पत्नी तमन्ना बातिश (43) और बेटा कनव बातिश (11) का इलाज राजिंदरा अस्पताल में जारी है।
ऑफिसर कॉलोनी में सामने आई घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना पटियाला की ऑफिसर कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि परिवार के चारों सदस्यों ने रात के समय जहरीला पदार्थ खा लिया था। कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत राजिंदरा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने सभी का इलाज शुरू किया, लेकिन पिता और बेटी को बचाया नहीं जा सका।
अस्पताल से मिली सूचना के बाद पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी सिटी-1 संजीव सिंगला ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने मृतक पिता और बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
ये भी पढ़ें…
परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस इस मामले में परिवार के रिश्तेदारों और आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर किस वजह से परिवार ने यह कदम उठाया।

