
पंजाब डेस्क: जालंधर पुलिस ने वरदान अस्पताल फायरिंग मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बंबीहा गैंग से जुड़े शूटर जोध सिंह उर्फ जोधा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी एक विशेष सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान हुई। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
नाका तोड़कर भागने की कोशिश
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि CIA स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की थी। जब पुलिस ने आरोपी को रुकने का इशारा किया तो वह बाइक लेकर भाग निकला। कुछ दूरी पर बाइक फिसलने के बाद उसने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
वरदान अस्पताल फायरिंग केस में हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी वही व्यक्ति है जिसने 28 फरवरी को जालंधर के मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल के बाहर फायरिंग की थी। उस समय हेलमेट पहनकर आए हमलावर ने महज तीन सेकेंड में चार गोलियां दागी थीं। घटनास्थल और मुठभेड़ के दौरान बरामद हेलमेट तथा हथियार का मिलान करने के बाद सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान की पुष्टि हुई।
पंजाब के कई जिलों में दर्ज हैं मामले
जोध सिंह उर्फ जोधा शाहकोट क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि वह मोहाली और मोगा सहित पंजाब के कई जिलों में वांटेड था। उस पर संगठित अपराध, फायरिंग और अन्य गंभीर मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाएगी।
कनाडा कनेक्शन की जांच तेज
पुलिस का कहना है कि अस्पताल पर हुई फायरिंग के पीछे विदेश में बैठे एक व्यक्ति की भूमिका सामने आई है, जिसका अस्पताल से किसी प्रकार का विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। जांच एजेंसियां मनी ट्रेल, कथित फंडिंग और फिरौती से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।
जांच अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन को पहले लाखों रुपये की फिरौती मांगने वाली कॉल मिली थी। अब यह पता लगाया जा रहा है कि कथित शूटर को इस वारदात के बदले कितनी रकम दी जानी थी और धन किस माध्यम से पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें…
आगे की जांच जारी
फिलहाल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है, जिसके बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जुड़े अन्य आरोपियों, फंडिंग नेटवर्क और विदेश से संचालित कथित मॉड्यूल की भी जांच की जा रही है।