Site icon Dainik Savera Times

ऑपरेशन ‘कासो’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 10 हॉटस्पॉट से 78 संदिग्ध राउंडअप

बरनाला : पंजाब सरकार और डीजीपी पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत युद्ध नशेयां विरुद्ध अभियान के अंतर्गत बरनाला पुलिस ने जिले में एक बड़ा विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। एसएसपी बरनाला मोहम्मद सरफराज आलम की अगुवाई में चलाए गए इस अभियान के दौरान नशे के लिहाज से संवेदनशील करीब 10 हॉटस्पॉट और संदिग्ध इलाकों की पहचान की गई, जहां नशा तस्करी और सेवन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

सुबह करीब 5:30 बजे से शुरू हुए इस विशेष ऑपरेशन के लिए पुलिस द्वारा एक विशेष टीम तैयार की गई। इस टीम में 2 एसपी, 6 डीएसपी, जिले के सभी थानों के एसएचओ, चौकी इंचार्ज और सीआईए स्टाफ की टीमें शामिल रहीं। पुलिस बल ने जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों और गांवों में अचानक छापेमारी की। एसएसपी बरनाला ने बताया कि बरनाला शहर की बैक साइड की बस्तियां, संवेदनशील क्षेत्र, फरवाही, गांव सेखा, गांव चीमा और विधानसभा क्षेत्र महल कलां सहित कई अन्य इलाकों में यह रेड की गई।

इस विशेष ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 78 लोगों को राउंडअप किया है। इनमें से करीब 10 लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, कुछ ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों को भी पकड़ा गया है जिनके डोप टेस्ट करवाए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, इनमें से कई लोग नशा तस्करी के साथ-साथ खुद भी नशे के आदी हो सकते हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जिले में नशों का कारोबार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा ।

Exit mobile version