Major police crackdown on alcohol : मोगा। पुलिस ने नशे और अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चार अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 45 ग्राम हेरोइन, 87 नशीली गोलियां और 20 बोतल नाजायज शराब बरामद कर मामलों की जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर पुलिस ने गांव घलकलां के नजदीक मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को 30 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। ए.एस.आई. चरणजीत सिंह के अनुसार पुलिस ने किम्रमलदीप सिंह उर्फ किरमल पुत्र सरबजीत सिंह तथा राजदीप सिंह उर्फ ठेलू पुत्र बलविंदर सिंह निवासी गांव सलीना को काबू कर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों के खिलाफ थाना सदर में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
इसी तरह थाना समालसर पुलिस ने गांव चीदा के नजदीक कार्रवाई करते हुए आकाशदीप सिंह पुत्र बेअंत सिंह निवासी गांव चीदा को 5 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। ए.एस.आई. सतवंत सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना मिलने पर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना समालसर में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थाना कोटईसे खां पुलिस ने भी नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 10 ग्राम हेरोइन और 87 नशीली गोलियों सहित काबू किया। सहायक थानेदार बूटा सिंह के अनुसार लिंक रोड महल दौलेवाला के नजदीक मुखबिर की सूचना के आधार पर संदीप कुमार कालू पुत्र जगदीश कुमार निवासी जानिया रोड, कोटईसे खां को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन और 87 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं, थाना कोटईसे खां पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बस अड्डा मनावां के नजदीक बहादुर सिंह उर्फ बिट्टू पुत्र हाकम सिंह निवासी गांव दौलेवाला को 20 बोतल नाजायज शराब सहित गिरफ्तार किया। ए.एस.आई. दविंदरजीत सिंह ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त भी बढ़ाई गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर नशे और अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

