नवांशहर : ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत शहीद भगत सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव गढ़ूपड़ के एक ही परिवार से संबंधित तीन नामी नशा तस्करों की करीब 2 करोड़ 32 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज करवाई है। पुलिस ने यह कार्रवाई मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 68-एफ (2) के तहत की है। फ्रीज की गई संपत्ति में मकान, जमीन, ट्रैक्टर, कारें, स्कूटी, मोटरसाइकिल और बैंक खातों में जमा राशि शामिल है।
एसएसपी तुषार गुप्ता के दिशा-निर्देशों पर डीएसपी नवांशहर पंकज शर्मा, तथा डीएसपी मादक पदार्थ धर्मिंदर सिंह की निगरानी में थाना ओड़ की प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमारी ने नशा तस्करों द्वारा नशा बेचकर कथित तौर पर अवैध ढंग से बनाई गई संपत्तियों की जांच की। जांच के बाद गांव गढ़ूपड़ के तीन आरोपितों की संपत्तियों को फ्रीज करवाया गया और सक्षम प्राधिकारी से संबंधित आदेश प्राप्त किए गए।
फ्रीज की गई संपत्तियों में गांव गडूपढ़ निवासी जरनैल राम (जैली) पुत्र जीत राम, गुड़चड़त (मुन्ना) पुत्र जरनैल राम और सीमा पत्नी गुड़चड़त (मुन्ना) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इन तीनों के खिलाफ कुल 30 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा फ्रीज की गई संपत्ति में गांव गढ़ूपड़ में 38.25 मरले में बनी रिहायशी संपत्ति की कीमत 1,20,33,750 रुपये, जबकि 12 मरले में बनी दूसरी रिहायशी संपत्ति की कीमत 46,50,000 रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा 11 कनाल 10 मरले जमीन की कीमत 24,43,750 रुपये तथा चार मरले जमीन की कीमत 2 लाख रुपये बताई गई है। इसी तरह पुलिस ने स्वराज 855 ट्रैक्टर (पीबी-32-एस-3292) की कीमत 3 लाख रुपये, महिंद्रा टीयूवी-300 टी8 कार (पीबी-32-वी-5716) की कीमत 4 लाख रुपये, महिंद्रा वेरिटो कार (पीबी-32-एन-6500) की कीमत 75 हजार रुपये और हुंडई आई-20 एस्टा सीआरडीआई कार (पीबी-32-जेड-7264) की कीमत 5.25 लाख रुपये आंकी है।
इसके अलावा हीरो मेस्ट्रो एज स्कूटी की कीमत 20 हजार रुपये और टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल की कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों में जमा राशि को भी फ्रीज करवाया है। इनमें भारतीय स्टेट बैंक के खाते में 17,18,423 रुपये, को-ऑपरेटिव बैंक के एक खाते में 7,83,835 रुपये तथा दूसरे खाते में 10,377 रुपये शामिल हैं। ए
सएसपी तुषार गुप्ता ने जिले के छोटे-बड़े नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब पुलिस नशा तस्करों को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखेगी। नशा तस्करों के खिलाफ केवल मुकदमे दर्ज करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के कारोबार से बनाई गई कथित अवैध संपत्तियों को भी कानून के तहत फ्रीज और जब्त करवाया जाएगा।

