Site icon Dainik Savera Times

गुरुपर्व यात्रा के दौरान बड़ी राहत: पाकिस्तान में लापता तीनों सिख श्रद्धालु सुरक्षित मिले

अमृतसर: श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान स्थित गुरुधामों के दर्शन के लिए गए भारतीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे से बिछड़े तीन श्रद्धालुओं की पाकिस्तानी पुलिस ने तलाश कर ली है। तीनों श्रद्धालु सुरक्षित मिले हैं। बताया जा रहा है कि वे किसी होटल में ठहरे हुए थे। उनकी तलाश पूरी होने के बाद स्थानीय प्रशासन और जत्थे के प्रबंधकों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार भारत से गया श्रद्धालुओं का जत्था गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में प्रकाश पर्व मनाने के बाद गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान जब श्रद्धालुओं की गिनती की गई तो तीन सदस्य कम पाए गए। इसके बाद जत्थे के प्रबंधकों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद तीनों की तलाश शुरू की गई। लापता हुए श्रद्धालुओं की पहचान जालंधर के फिल्लौर क्षेत्र के गांव खोखेवाला निवासी बिक्कर सिंह पुत्र गुरदास राम, अमृतसर के तरनतारन रोड स्थित गुरु नानक कॉलोनी निवासी विक्रमजीत सिंह पुत्र कुंदन तथा अमृतसर के सुल्तानविंड स्थित शहीद ऊधम सिंह नगर निवासी हरप्रीत सिंह पुत्र कवलजीत सिंह के रूप में हुई है।
Exit mobile version