पंजाब डेस्क: जालंधर के फिल्लौर में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बता दें कि विज्ञापन होर्डिंग से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और आयशर कैंटर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। गंभीर रूप से घायल चालक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
केबिन में बुरी तरह फंसा था चालक
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। कैंटर चालक सुखपाल सिंह अपने वाहन से जा रहा था, तभी उसकी टक्कर स्वराज 735 ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर एक बड़ा विज्ञापन होर्डिंग लदा हुआ था।
टक्कर के कारण कैंटर (PB11 CT 8318) का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। चालक सुखपाल सिंह का पैर बुरी तरह जख्मी हो गया और वह क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया।
SSF टीम ने केबिन काटकर निकाला बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही रोड सेफ्टी फोर्स (SSF) के इंचार्ज जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से टीम ने काफी मशक्कत की और कैंटर के केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला।
मौके पर मौजूद ट्राइएज टीम ने घायल चालक को प्राथमिक उपचार दिया। उसके पैर पर पट्टी बांधकर खून रोकने की कोशिश की गई। इसके बाद नेशनल हाईवे की एंबुलेंस सेवा 1033 के जरिए उसे सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें…
क्रेन से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। सड़क पर क्षतिग्रस्त कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण यातायात बाधित रहा।
स्थिति सामान्य करने के लिए NHAI की टीम ने हाइड्रा क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को सड़क से हटाया। इसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारु हो सका।

