पंजाब डेस्क: कपूरथला जिले में एक गोदाम से बड़ी मात्रा में दूध पाउडर गायब होने का मामला सामने आया है। बता दें कि करीब 3500 किलोग्राम वेरका ब्रांड का दूध पाउडर स्टॉक से कम पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने दो कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।
स्टॉक मिलान में सामने आई गड़बड़ी
जालंधर के निवासी पुनीत गुप्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उनकी तलवंडी महमा स्थित फैक्ट्री के गोदाम में वेरका मिल्क प्लांट, जालंधर से बड़ी मात्रा में दूध पाउडर स्टोर किया गया था। 20 दिसंबर 2024 से 27 अप्रैल 2025 के बीच 25-25 किलो के 58,020 बैग गोदाम में रखे गए थे। इसके बाद 23 मई 2025 से 6 जनवरी 2026 तक 57,880 बैग और पहुंचे। जब कंपनी द्वारा स्टॉक का मिलान किया गया तो 140 बैग कम पाए गए, जिनका कुल वजन करीब 3500 किलोग्राम था।
ड्राइवरों पर संदेह, जांच में खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गोदाम से जुड़े दो कर्मचारी प्रदीप सिंह और काका जो ड्राइवर के तौर पर काम करते थे, वेरका प्लांट से पूरा माल लोड होने के बावजूद कम बैग लेकर पहुंचे। इसी आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें:
पुलिस कर रही जांच
थाना सदर के जांच अधिकारी एएसआई ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला गोदाम प्रबंधन और सप्लाई चेन में पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है, वहीं पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गायब हुआ माल कहां और कैसे खपाया गया।

