Site icon Dainik Savera Times

गैंगस्टरों पर वार अभियान के तहत मलेरकोटला पुलिस ने तीन हथियारबंद हिस्ट्रीशीटर किए गिरफ्तार

मलेरकोटला : गैंगस्टरों, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के तहत मलेरकोटला पुलिस ने तीन हथियारबंद हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो देसी .32 बोर पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैयद सहमून उर्फ मून, पुत्र मोहम्मद मेहराज, निवासी गरीब नगरी, ईदगाह रोड, मलेरकोटला; मोहम्मद समीर उर्फ साजी, पुत्र मोहम्मद स्कील, निवासी ईदगाह फाटक के पास, इमामगढ़ रोड, मलेरकोटला; तथा मोहम्मद अवैस उर्फ बांसरी वाला, पुत्र अब्बास, निवासी मोहल्ला चौहट्टा, मलेरकोटला के रूप में हुई है।

एसएसपी मलेरकोटला श्री हरकमलप्रीत सिंह खक्ख पीपीएस ने बताया कि पुलिस टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। ऑपरेशन की योजना रमनदीप सिंह भुल्लर, पीपीएस, एसपी (इन्वेस्टिगेशन) और दीपविंदरपाल सिंह पीपीएस, डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) मलेरकोटला की निगरानी में तैयार की गई। कार्रवाई इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह, प्रभारी स्टाफ महोराना के नेतृत्व में लखविंदर सिंह सहित पुलिस टीम द्वारा की गई।

उन्होंने बताया कि लुधियाना बाईपास के पास वाहनों की चैकिंग दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पहले दर्ज एक फायरिंग मामले में वांछित तीनों आरोपी पास के बिजली ग्रिड के नजदीक छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान सैयद सहमून उर्फ मून से एक .32 बोर देसी पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस, मोहम्मद समीर उर्फ साजी से एक .32 बोर देसी पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस, जबकि मोहम्मद अवैस उर्फ बांसरी वाला से 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड लिया गया और बाद में उन्हें केंद्रीय जेल, पटियाला भेज दिया गया। एसएसपी खक्ख ने बताया कि तीनों आरोपियों का अवैध हथियार रखने और फायरिंग से जुड़े मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने कहा कि ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के तहत गैंगस्टरों, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version