न्यूज डेस्क: जालंधर कैंट के गढ़ा रोड स्थित फ्लाईओवर के मुद्दे को लेकर दुकानदारों का विरोध प्रदर्शन जारी है। सोमवार को उप महापौर मलकीत सिंह सुभाना भी प्रदर्शन में शामिल हुए और दुकानदारों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी उनकी मांगों और समस्याओं को लेकर उनके साथ खड़ी रहेगी।
मलकीत सिंह सुभाना ने कहा कि गढ़ा रोड फ्लाईओवर को केंद्र सरकार की ओर से मंजूरी दी गई है और इसके उद्घाटन समारोह में भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू भी मौजूद रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए किए जाते हैं, लेकिन यदि किसी परियोजना के कारण स्थानीय दुकानदारों, कारोबारियों या आम लोगों की आजीविका प्रभावित होती है, तो उनकी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उप महापौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी विकास कार्यों के खिलाफ नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर लोगों के अधिकारों और रोजगार की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। सरकार और संबंधित विभागों को प्रभावित दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित समाधान तलाशना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी बड़ी विकास परियोजना को लागू करने से पहले स्थानीय लोगों और प्रभावित दुकानदारों से बातचीत करना जरूरी है, ताकि उनकी चिंताओं का समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट के लोगों और दुकानदारों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
📍 Location: गड़ा फ्लावर ओवर (जालंधर)

