Site icon Dainik Savera Times

पुलिस लॉकअप में व्यक्ति ने की आत्महत्या; 2 दिन पहले हैरोइन के साथ किया था गिरफ्तार

नाभा : एनडीपीएस मामले में आरोपी एक व्यक्ति ने नाभा कोतवाली पुलिस स्टेशन के लॉकअप में आत्महत्या कर ली। कोतवाली पुलिस ने 27 सितंबर को मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से 80 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया था। सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया था। अदालत ने दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था। मंगलवार सुबह करीब 6.45 बजे, लक्ष्मण नाम के कथित आरोपी ने टॉयलेट की पानी वाली पाइप जो जमीन से करीब 2-3 फुट ऊंची है उस पर अपने पायजामे के नाड़े से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

कोतवाली पुलिस स्टेशन के बाहर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई जब बड़ी संख्या में युवा जमा हो गए और मामले को लेकर हंगामा करने लगे। हालांकि पटियाला एसपी राजेश छिब्बर, नाभा डीएसपी गुरिंदर सिंह बल और थाना कोतवाली प्रभारी गुरपिंदर सिंह ने नाराज परिवार को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल, नाभा की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां डॉक्टरों का एक बोर्ड न्यायाधीश की देखरेख में पोस्टमार्टम करेगा।

मृतक लक्ष्मण के मामा जग्गी सिंह और चाचा बलवीर सिंह ने बताया कि लक्ष्मण को पुलिस ने एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार किया था और उसने आज सुबह पुलिस स्टेशन के लॉकअप में आत्महत्या कर ली। हालांकि उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि पुलिस ने उन्हें घटना के बारे में बहुत देर से सूचित किया, जबकि घटना सुबह 7 बजे हुई थी। मृतक पीओपी का काम करता था जो दो-तीन महीने पहले नशे की दलदल में पड़ गया था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है अब परिवार में उसकी बुजुर्ग मां और छोटा भाई बचा है।

एसपी राजेश छिब्बर और डीएसपी गुरिंदर सिंह बल्ल ने कहा कि कोतवाली पुलिस ने 27 सितंबर को लछमन और उसके साथी बिरजू को ‘चिट्टा’ के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद, उन्हें दो दिनों की पुलिस हिरासत में कोतवाली पुलिस स्टेशन भेजा गया था। हालांकि, लछमन ने आज सुबह अचानक आत्महत्या कर ली है। उन्होंने कहा कि परिवार को स्थिति के बारे में सूचित कर दिया गया है और वे दी गई जानकारी से संतुष्ट हैं। न्यायालय के आदेशानुसार आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Exit mobile version