Site icon Dainik Savera Times

खन्ना में ‘मान के मुनाफे’ मुहिम शुरू, सौंद ने गिनाईं सरकार की योजनाएं

Mann Da Munafa’ Campaign Begins in Khanna : लुधियाना। पंजाब सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने सोमवार को खन्ना में ‘मान के मुनाफे’ मुहिम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बाजारों में डोर-टू-डोर संपर्क किया और दुकानदारों व शहरवासियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। सौंद ने कहा कि मुहिम के तहत पिछले करीब साढ़े चार साल के सरकारी कामकाज और योजनाओं से लोगों को हुए लाभ के बारे में बताया जा रहा है। यह अभियान 2027 विधानसभा चुनाव से पहले आप के डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान का हिस्सा है।

मंत्री सौंद ने दुकानदारों और शहरवासियों से मुलाकात कर सरकार की ओर से लागू की गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और पंपलेट वितरित किए।मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के जीवन में प्रत्यक्ष बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच रहा है और इसी कारण आम आदमी पार्टी के नेता अब सरकारी उपलब्धियों का ब्यौरा लेकर सीधे जनता के बीच पहुंच रहे हैं।

सौंद ने कहा कि ‘मान के मुनाफे’ मुहिम के जरिए लोगों को यह बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से पिछले करीब साढ़े चार वर्षों के दौरान कौन-कौन से फैसले लिए गए और उनका आम परिवारों पर क्या प्रभाव पड़ा। उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजनाओं को जोड़कर देखा जाए तो एक परिवार को सालाना करीब 1 लाख 82 हजार रुपये का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह लाभ विभिन्न सरकारी सुविधाओं और योजनाओं के माध्यम से लोगों तक पहुंच रहा है।मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मुफ्त बिजली की सुविधा जारी की है।

उन्होंने कहा कि इससे पंजाब के परिवारों को बिजली के जीरो बिल में राहत मिली है। सरकार का प्रयास है कि लोगों के घरेलू खर्च को कम किया जाए और उन्हें बुनियादी सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध करवाई जाएं।सौंद ने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से कई स्तरों पर काम किया गया है। स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा के माहौल और विद्यार्थियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर दिया गया है।

उन्होंने दावा किया कि शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है और राज्य 26वें स्थान से पहले स्थान तक पहुंचा है।उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में पंजाब के विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी भी शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलाव का संकेत है। मंत्री के अनुसार, पहले पंजाब से करीब 80 विद्यार्थी नीट परीक्षा पास करते थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर करीब 800 तक पहुंच गई है। उन्होंने इसे राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम बताया।मंत्री सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार का फोकस केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने पर भी है। उन्होंने कहा कि लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि पात्र परिवार इनका लाभ हासिल कर सकें।‘मान के मुनाफे’ मुहिम के दौरान मंत्री ने बाजारों में दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Exit mobile version