Site icon Dainik Savera Times

MANN सरकार ने पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखने के लिए 8,000 से अधिक नोडल अधिकारी किये तैनात

चंडीगढ़। राज्य में पराली जलाने की घटनाओं को नियंत्रित करने और पराली के उचित प्रबंधन के लिए, पंजाब सरकार ने 8,045 नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। ये नोडल अधिकारी विशेष रूप से उन क्षेत्रों में लगातार नजर रखेंगे, जहां पराली जलाने की घटनाएं अधिक होती हैं। इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए, पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि धान की कटाई के सीजन के दौरान पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए 79 एसडीएमज, 108 तहसीलदार, 108 डीएसपीज, 1,140 क्लस्टर अधिकारी और अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि इन नोडल अधिकारियों को कटाई के बाद की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का काम सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही, ये अधिकारी और स्टाफ सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में शामिल होंगे, जिनमें किसानों के साथ बैठकें करके उन्हें पराली प्रबंधन (सीआरएम) मशीनों के उपयोग के बारे में जागरूक करना शामिल है।

राज्य के किसानों से अपील करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘उन्नत किसान’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को सीआरएम मशीनों तक आसानी से पहुंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस ऐप पर 1.30 लाख से अधिक सीआरएम मशीनें सूचीबद्ध हैं, जिन्हें किसान आसानी से बुक कर सकते हैं।

स.गुरमीत सिंह खुड्डियां ने यह भी बताया कि अब तक किसानों ने कुल 8,635 सीआरएम मशीनें खरीदी हैं और कृषि विभाग ने सब्सिडी पर सीआरएम मशीनों की खरीद के लिए 16,205 स्वीकृति पत्र जारी किए जा चुके हैं।

Exit mobile version