बरनाला : पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा है कि शहीद रहमत अली जैसे महान क्रांतिकारियों की बदौलत ही आज हम आजाद फिजा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए 90 प्रतिशत कुर्बानियां पंजाबियों ने दी हैं और गदर आंदोलन के योद्धा रहमत अली की शहादत को पंजाब सरकार नमन करती है। यह विचार उन्होंने आज शहीद रहमत अली मैमोरियल सरकारी हाई स्कूल, वजीदके खुर्द में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह के दौरान व्यक्त किए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने दोनों गांवों (वजीदके खुर्द और वजीदके कलां) के विकास कार्यों के लिए अपने विशेषाधिकार कोष से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
शहीदों की विरासत को याद रखना जरूरी
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी और विधायक लाभ सिंह उगोके ने कहा कि जो कौमें अपने शहीदों को याद रखती हैं, वही अपनी पहचान कायम रख पाती हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को शहीद रहमत अली के इतिहास से जोड़ने की अपील की। कार्यRम के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम और प्रस्तुतियां भी दीं। इस अवसर पर जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह भंगू, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीतइंद्र सिंह, स्कूल मुखिया जसविंदर सिंह, दारा सिंह, अमनदीप सिंह गोल्डी, बलतेज सिंह, क्लब प्रधान समिंदर सिंह सहित भारी संख्या में पंचायती प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

