पंजाब: राज्य के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की कि भगवंत मान सरकार ने राज्य भर के सफाई कर्मचारियों और सीवर कर्मचारियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लागू किए हैं। उन्होंने कहा कि जिन आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों और सीवर कर्मचारियों ने तीन साल की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें इन-सोर्सिंग नीति के तहत लाया गया है और 1 अगस्त से उन्हें ₹20,520 प्रति माह वेतन मिलेगा, जिससे हजारों कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
सफाई कर्मचारियों को किया जाएगा रेगुलर
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि 2021 में कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती किए गए सफाई कर्मचारियों को भी रेगुलर किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारियों के लिए नई शैक्षणिक योग्यता लागू करने के बारे में जो पत्र फैलाए जा रहे हैं, वे फर्जी हैं और ऐसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की यूनियनों के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद, पूरे पंजाब में कचरा उठाने और सफाई का काम फिर से शुरू करने का फैसला किया गया है। बाकी मांगों पर भी आम सहमति बन गई है, जिन पर अगली बैठक में चर्चा की जाएगी।
बरनाला मामलें में SIT कर रही जांच
बरनाला घटना का जिक्र करते हुए हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई की गई है। संबंधित डीएसपी को सस्पेंड कर दिया गया है, पुलिस कर्मियों का तबादला कर दिया गया है और एक उच्च-स्तरीय एसआईटी मामले की जांच कर रही है, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
📍 Location: Ludhiana

