Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

फंदे से मिला था शव, जांच में हत्या का खुलासा; पत्नी समेत दो गिरफ्तार

October 1, 2026

फंदे से मिला था शव, जांच में हत्या का खुलासा; पत्नी समेत दो गिरफ्तार

mans-death-revealed-as-murder-police-say : बठिंडा। थाना मौड़ के गांव कोटली खुर्द में राजपाल सिंह की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी किरनपाल कौर और उसके कथित साथी ब्रह्मजीत सिंह उर्फ पीटा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित तौर पर कपड़े से राजपाल सिंह का गला घोंटकर हत्या की और बाद में शव को फंदे से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।

इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी किरनपाल कौर और उसके कथित साथी ब्रह्मजीत सिंह उर्फ पीटा को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर तरनदीप सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव कोटली खुर्द में राजपाल सिंह का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल और परिस्थितियों की जांच की तो मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।

इसके बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मृतक के चचेरे भाई सतपाल सिंह, पुत्र गुरप्रीत सिंह, के बयानों और जांच के दौरान सामने आया कि राजपाल सिंह की पत्नी किरनपाल कौर के गांव कोटली कलां निवासी ब्रह्मजीत सिंह, पुत्र नक्षत्र सिंह, के साथ कथित संबंध थे। इस बात की जानकारी राजपाल सिंह को हो गई थी और इसी को लेकर घटना से पहले दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। उन्होंने बताया कि किरनपाल कौर ने ब्राह्मजीत सिंह को घर बुलाया।

इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर मिलकर कपड़े से राजपाल सिंह का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को घर की खुली रसोई में एंगल आयरन के साथ रस्सी के सहारे लटका दिया गया। जांच के दौरान पुलिस को घर से सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और मोबाइल फोन भी गायब मिले। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जायेगा। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल कपड़े, गायब मोबाइल फोन, सीसीटीवी डीवीआर और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की बरामदगी व जांच करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें