मोगा: श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जिला प्रशासन मोगा द्वारा 8 अक्टूबर को विशेष मैराथन आयोजित की जा रही है। इस संबंध में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (ज) श्री जसपिंदर सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मैराथन की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह मैराथन केवल एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि गुरु साहिब की शिक्षाओं और उनके मानवतावादी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है। गुरु साहिब ने समाज में समानता, भाईचारे, मानवीय एकता और सामाजिक न्याय का संदेश दिया, जिसे आज के समय में और मजबूती से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि इस मैराथन में लगभग 1500 से अधिक युवा, खिलाड़ी और मोगा निवासी भाग लेंगे। 5 किलोमीटर की मैराथन 8 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे सरकारी आई.टी.आई. मोगा से शुरू होगी। मैराथन का रूट सरकारी आई.टी.आई. से नेचर पार्क तक होगा और प्रतिभागी वापस सरकारी आई.टी.आई. पहुंचकर मैराथन पूरी करेंगे।
उन्होंने कहा कि युवा श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर समाज में भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ते हैं तथा शारीरिक तंदुरुस्ती के साथ-साथ मानसिक मजबूती, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ने जिले के निवासियों, खिलाड़ियों, युवाओं और विभिन्न वर्गों के लोगों से अपील की कि वे इस मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि मैराथन में हजारों की संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन द्वारा मैराथन में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण लिंक भी जारी किया गया है। अधिक से अधिक लोगों से समय रहते पंजीकरण करवाकर इस विशेष पहल का हिस्सा बनने की अपील की गई है। एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को मैराथन के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पीने के पानी, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...