Site icon Dainik Savera Times

Punjab News: इस जिले में 3 दिन रहेंगे बंद बाजार, जानें दुकानदारों ने क्यों लिया फैसला

Abohar Market Closed

Abohar Market Closed

पंजाब डेस्क: अबोहर के लोगों के लिए एक खास खबर सामने आई है। बता दें कि शहर के व्यापारिक संगठनों ने भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए तीन दिनों के लिए बाजार बंद रखने का सामूहिक ऐलान किया है। इसके चलते शहर के अधिकांश प्रमुख बाजार 10 से 12 जुलाई तक बंद रहेंगे और 13 जुलाई से फिर सामान्य रूप से खुलेंगे।

3 दिन तक नहीं खुलेंगी अधिकांश दुकानें

व्यापारियों के फैसले के अनुसार 10, 11 और 12 जुलाई तक शहर के प्रमुख बाजारों की दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित रहेंगी। तीन दिन बाद 13 जुलाई से सभी बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपने नियमित समय पर दोबारा खुल जाएंगे।

गर्मी और उमस बना मुख्य कारण

व्यापारिक संगठनों का कहना है कि लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के कारण कारोबार के साथ-साथ व्यापारियों और कर्मचारियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी संगठनों ने सामूहिक अवकाश लेने का फैसला किया, ताकि व्यापारी और कर्मचारी अपने परिवार के साथ समय बिता सकें और कुछ दिन राहत महसूस कर सकें।

पहले से बनाई गई थी योजना

यह निर्णय अचानक नहीं लिया गया। करीब डेढ़ महीने पहले शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सर्वसम्मति से तीन दिन बाजार बंद रखने का प्रस्ताव पारित किया गया था। वहीं सर्राफा बाजार के व्यापारियों ने एक कदम आगे बढ़ते हुए गुरुवार से ही चार दिन की छुट्टी घोषित कर दी थी।

ये भी पढ़ें…

कई प्रमुख बाजारों ने दिया समर्थन

इस सामूहिक बंद को शहर के लगभग सभी प्रमुख व्यापारिक संगठनों का समर्थन मिला है। इनमें सर्राफा बाजार, इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार, कपड़ा बाजार, रेडीमेड गारमेंट्स मार्केट, जनरल स्टोर (मुनियारी) और जूता-चप्पल बाजार के व्यापारी शामिल हैं। व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि सभी बाजार संघों ने एकजुट होकर इस फैसले को सफल बनाने का निर्णय लिया है।

Exit mobile version