Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई… कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस बोले – छोटे-बड़े सभी तस्कर होंगे सलाखों के पीछे

May 2, 2025

नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई… कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस बोले – छोटे-बड़े सभी तस्कर होंगे सलाखों के पीछे

पंजाब डेस्क : पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शुक्रवार को कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ राज्य में बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की गई है। छोटे से लेकर बड़े तस्करों को पकड़कर जेल में डाला जा रहा है। हरजोत सिंह बैंस ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इसी मुहिम के तहत वह होशियारपुर पहुंचे थे, जहां उनके साथ अन्य विधायक, मंत्री और सांसद भी मौजूद थे।

इस दौरान गांव के लोगों और विलेज डिफेंस कमेटी के सदस्यों को बुलाकर शपथ दिलाई गई कि अब गांवों में नशे का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘अगर कोई नशे की चपेट में है, तो उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया जाएगा। लेकिन नशे का कारोबार करने वाले किसी भी व्यक्ति को न तो कोई नेता समर्थन देगा और न ही उनकी जमानत करवाएगा।

सरकार इस मामले में किसी भी तरह की ढील नहीं देगी। नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों, जैसे फार्महाउस और घरों पर सरकार कार्रवाई कर रही है, जिसके तहत ऐसी संपत्तियों को जब्त किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य पंजाब को नशा मुक्त और आत्मनिर्भर बनाना है, और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।’

हरसंभव कदम उठाए जाएंगे

बैंस ने कहा कि पानी के मुद्दे पर भी पंजाब सरकार ने सख्त रवैया अपनाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई है। साथ ही, जल्द ही पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हमारा रुख स्पष्ट है। पानी की एक बूंद भी अवैध तरीके से हरियाणा को नहीं दी जाएगी।

मैं अब नंगल जा रहा हूं, जहां पानी को बचाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।’ पंजाब के मंत्री ने राज्य की जनता से नशे और पानी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सरकार का साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त पंजाब और पानी के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार हर स्तर पर काम कर रही है। होशियारपुर में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।

विकास कार्यों पर चर्चा

इससे पहले, पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने 29 अप्रैल को पत्रकारों से बातचीत में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और राज्य के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए कटिबद्ध है। युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान के तहत कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें कड़ी सजा दी जा रही है। हमें उम्मीद है कि इस अभियान से नशे की लत में फंसे हजारों युवाओं को नया जीवन मिलेगा और वे सही रास्ते पर लौटेंगे। सरकार का लक्ष्य नशा मुक्त पंजाब बनाना है, जिसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें