
जालंधर : महानगर के बस्ती पीरदाद रोड स्थित मोदी मैट्रेस फैक्टरी में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय फैक्टरी के भीतर करीब 30 कर्मचारी काम कर रहे थे। धुआं उठता देख कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्टरी में फोम, कैमिकल और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग बुझाने के दौरान फैक्टरी का एक हिस्सा और शैड भी क्षतिग्रस्त हो गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि फोम के कारण आग बार-बार सुलग रही थी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। आग पर काबू पाने के बाद फैक्टरी के बड़े हिस्से को बचा लिया गया।
पीसीआर कर्मी रविंद्र सिंह ने बताया कि 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा नुक्सान टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के करीब 20 से 25 मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और कई घरों में धुआं भर गया। लोगों ने आरोप लगाया कि रिहायशी इलाके में इस तरह की फैक्टरी चलने से उनकी सुरक्षा लगातार खतरे में बनी हुई है।
उनका कहना है कि करीब 10 वर्ष पहले भी इसी स्थान पर आग की घटना हुई थी, जिसके बाद फैक्टरी को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज भी यहां उत्पादन कार्य जारी है।
पार्षद के पति अमित सिंह ने बताया कि फैक्टरी में कैमिकल, फोम और एलपीजी कमर्शियल सिलैंडर मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैली। उन्होंने प्रशासन से रिहायशी क्षेत्र में संचालित ऐसी इकाइयों की समीक्षा कर उचित कार्रवाई की मांग की।
एडीएफओ मनिंदर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।