पंजाब डेस्क: जालंधर में भार्गव कैंप के मुख्य बाजार में अचानक आग लगने से बड़ा हड़कंप मच गया। बता दें कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कमरे में रखा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, आग लगने के बाद मची अफरा-तफरी में एक अज्ञात व्यक्ति ने परिवार के पर्स, 20 हजार रुपये नकद, सोने के जेवर और नया मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
घटना के बाद इलाके के लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
मंदिर में जोत जलाने के बाद लगी आग
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य घर के मंदिर में जोत जलाकर नीचे चाय पीने के लिए आ गए थे। इसी दौरान मकान की दूसरी मंजिल पर अचानक आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। घर से धुआं उठता देखकर परिवार के लोगों में घबराहट फैल गई। आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में हुई परेशानी
आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन भार्गव कैंप के मुख्य बाजार की संकरी गलियों और दुकानों के बाहर रखे बेंच व अन्य सामान के कारण दमकल की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई।
ऐसे में मोहल्ले के युवाओं और पड़ोसियों ने जिम्मेदारी संभाली। लोगों ने अपने घरों की पानी की टंकियों और बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की तत्परता से फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।
ये भी पढ़ें…
पार्षद और SHO मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद और भार्गव कैंप थाने के SHO मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई।
फिलहाल आग लगने से हुए नुकसान और चोरी की घटना को लेकर जांच की जानकारी सामने आने का इंतजार है। इस हादसे ने इलाके में सुरक्षा और बाजार की संकरी गलियों में दमकल वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

