Dainik Savera Times

लुधियाना की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंचीं 20 से 25 दमकल गाड़ियां

लुधियाना: शहर के जसपाल बंग रोड स्थित बंसल इंडस्ट्री में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग एक प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी, जिसके बाद आसमान में काले धुएं का गुबार उठने लगा। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, बंसल इंडस्ट्री करीब पांच साल पुरानी प्लास्टिक फैक्ट्री है। फैक्ट्री के मालिक को सुबह करीब 8 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, इस घटना में फैक्ट्री के अंदर रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल, इस पर काबू पाया जा रहा है।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग बुझाने के लिए करीब 20 से 25 दमकल गाड़ियां लगाई गईं। काफी मशक्कत के बाद आग की लपटों को कम किया गया, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए 4 से 5 अतिरिक्त दमकल गाड़ियों की जरूरत बताई गई।

फिलहाल, दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना में हुए कुल नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।

📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

Exit mobile version