Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

मथुरा: पंजाब की युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी कथावाचक गिरफ्तार

September 29, 2023

मथुरा: पंजाब की युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी कथावाचक गिरफ्तार

मथुराः उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन थाने की पुलिस ने यहां के एक स्थानीय कथावाचक को पंजाब की रहने वाली एक युवती को शादी करने और कथावाचक बनाने का झांसा देकर कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार पंजाब के आनन्दपुर साहिब की रहने वाली युवती (घटना के वक्त नाबालिग) को शादी करने तथा कथावाचक बनाने का झांसा देकर कथित तौर पर दुष्कर्म करने वाले वृन्दावन निवासी कथावाचक गोविन्द वल्लभ शास्त्री को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि युवती ने आरोप लगाया कि वृन्दावन के गोपीनाथ बाजार, नन्दीवाड़ी निवासी कथावाचक गोविन्द वल्लभ शास्त्री से नौ अगस्त 2011 को वह यहां मिली थी और तब कथावाचक ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। उस समय पीड़िता 17 साल की नाबालिग थी। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने आरोप में कहा कि जब उसने शास्त्री का विरोध किया तो कथावाचक बनाने तथा उससे शादी करने का वादा किया। आरोप में कहा गया है कि इसके बाद आठ दिसम्बर 2016 को एक बार फिर कथावाचक बनाने का झांसा देकर वृन्दावन बुला लिया और अपने घर में रखने के बजाए अलग मकान में ठहराया।

कथावाचक ने तब भी उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद न तो कथावाचक का प्रशिक्षण दिया और न ही उससे शादी की। वृंदावन थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी गोविन्द वल्लभ शास्त्री को जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें