Mayor Inaugurates Three Modern Classrooms : बठिंडा। नगर निगम के मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तीन नए आधुनिक क्लासरूम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ‘शिक्षा क्रांति’ के तहत सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार का मुख्य लक्ष्य सरकारी स्कूलों को इस स्तर तक ले जाना है, जहां वहां पढ़ने वाले छात्रों को वैसी ही सुविधाएं मिल सकें, जैसी निजी स्कूलों में मिलती हैं। आज, पंजाब के सरकारी स्कूल आधुनिक सुविधाओं और बेहतर बुनियादी ढांचे के मामले में नए मानक स्थापित कर रहे हैं। मेयर ने जोर देकर कहा कि पंजाब को प्रगति की राह पर ले जाने के लिए छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत बनाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब ने पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। इसके अलावा, स्कूली छात्रों के बीच नशीले पदार्थों के बुरे प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जनता से किए गए कई वादे और गारंटियां पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बठिंडा शहर में विकास कार्यों की गति बनी रहेगी और शहर के समग्र विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

