पंजाब डेस्क: लुधियाना शहर में मेडिकल की दुकानों को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बता दें कि, मेडिकल एसोसिएशन की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है कि लुधियाना की करीब 3800 मेडिकल दुकानों को 12 से 15 जून तक चार दिनों के लिए बंद रखा जाएगा। यह फैसला गर्मी की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
एसोसिएशन का निर्णय और अपील
मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए कहा कि यह बंद अस्थायी रहेगा उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए पहले से ही आवश्यक दवाइयों का इंतजाम कर लें।
एसोसिएशन ने विशेष रूप से उन मरीजों को सावधान किया है जो रोजाना दवाइयों पर निर्भर हैं। इसमें मधुमेह, रक्तचाप और अन्य दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित मरीज शामिल हैं, जिन्हें समय रहते अपनी दवाइयों का स्टॉक तैयार रखने की सलाह दी गई है।
अस्पतालों के मेडिकल स्टोर रहेंगे खुले
हालांकि, राहत की बात यह है कि इस दौरान अस्पतालों के अंदर स्थित मेडिकल स्टोर सामान्य रूप से खुले रहेंगे। आपातकालीन स्थिति में मरीज और परिजन अस्पतालों के मेडिकल स्टोर से आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें…
लोगों को पहले से तैयारी की सलाह
एसोसिएशन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचें और समय रहते अपनी दवाइयों की खरीदारी पूरी कर लें। खासकर बुजुर्ग और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

