Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

बठिंडा में सैनिक कल्याण बोर्ड की बैठक, शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई चर्चा

August 6, 2026

बठिंडा में सैनिक कल्याण बोर्ड की बैठक, शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई चर्चा

बठिंडा: जिला सैनिक बोर्ड बठिंडा की तिमाही बैठक डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान जिले के पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों, वीर नारियों और उनके आश्रितों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता असिस्टेंट कमिश्नर और एसडीएम मौड़ गुरजिंदर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब सैनिकों से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए सब-डिविजन स्तर पर हर महीने बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।

वीर नारियों को नौकरी में प्राथमिकता

बैठक में छावनी क्षेत्र के अधिकारी कर्नल मुकुल गुप्ता ने जानकारी दी कि ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सैनिकों की पत्नियों (वीर नारियों) को प्राथमिकता के आधार पर कॉन्ट्रैक्ट पर रोजगार देने की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने शहीद परिवारों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई चर्चा

जिला रक्षा सेवा कल्याण कार्यालय की ओर से विभाग की गतिविधियों और केंद्र व पंजाब सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला सैनिक बोर्ड के उपाध्यक्ष ब्रिगेडियर अमरदीप सिंह ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने ECHS से जुड़ी समस्याओं, खासकर दवाओं की उपलब्धता को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को उच्च अधिकारियों के सामने उठाकर समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।

जरूरतमंदों को बांटे सहायता चेक

बैठक के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर गुरजिंदर सिंह ने जरूरतमंद गैर-पेंशनभोगी पूर्व सैनिकों और विधवाओं को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। जिला रक्षा सेवा कल्याण अधिकारी कमांडर दिलप्रीत सिंह कंग (सेवानिवृत्त) ने फ्लैग डे फंड के लिए सहयोग करने वाले सरकारी, निजी संस्थानों और औद्योगिक संगठनों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर जिला सैनिक बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें