पंजाब डेस्क: फरीदकोट जिले के गांव मेहमुआना के सरपंच राजदीप सिंह इन दिनों अपने कामों को लेकर चर्चा में हैं। गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सबसे पहले जरूरतमंद परिवारों की मदद की और उनके लिए पक्के मकान बनवाने का काम शुरू किया।
सरपंच के अनुसार, गांव में गरीब परिवारों के लिए करीब 40 से 45 घर तैयार हो चुके हैं, जबकि लगभग 200 मकानों को मंजूरी मिल चुकी है। उनका कहना है कि सरकारी ग्रांट आने पर उसे गांव के अन्य विकास कार्यों में लगाया जाएगा, लेकिन जरूरतमंद लोगों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने अपने स्तर पर काम शुरू किया।
राजदीप सिंह ने बताया कि सरपंच बनने के बाद उनका लक्ष्य गांव का सर्वांगीण विकास करना रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में पहले खेल मैदान की कमी थी, जिसे पूरा करने के साथ कई अन्य प्रोजेक्ट भी शुरू किए गए हैं। उनके मुताबिक, वर्तमान में गांव में करीब पांच बड़े विकास कार्य पूरे हो चुके हैं।
गांववासियों ने भी सरपंच के प्रयासों की सराहना की। उनका कहना है कि पहली बार किसी सरपंच ने गरीब परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता दी है। लोगों ने बताया कि राजदीप सिंह जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद के लिए पहुंचते हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भी गांव के विकास की रफ्तार इसी तरह जारी रहेगी।

