मोगा: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर अनमोल वेलफेयर क्लब मोगा सिटी की ओर से पुरानी दाना मंडी में करवाए जा रहे ‘मेले मैया दे’ धार्मिक समारोह की तैयारियां लगभग मुकम्मल कर ली गई हैं। 11 से 20 अक्तूबर तक चलने वाले इस भव्य धार्मिक समारोह को लेकर क्लब पदाधिकारियों की ओर से तैयारियों का जायजा लिया गया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रबंधों को अंतिम रूप दिया गया।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष राजेश अरोड़ा ने बताया कि इस बार ‘मेले मैया दे’ समारोह को विशेष एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए देश के विभिन्न प्रमुख शक्तिपीठों और धार्मिक धामों से 26 पावन ज्योतियां मोगा लाई जा रही हैं। खास बात यह है कि नेपाल स्थित मां गजेश्वरी देवी की पावन ज्योति पहली बार मोगा पहुंच रही है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर विभिन्न शक्तिपीठों एवं धार्मिक धामों की पावन ज्योतियों के दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान मां चिंतपूर्णी धाम, ज्वाला जी धाम, माता वैष्णो देवी, माता त्रिपुरमालिनी देवी, मां बगलामुखी देवी, मां कांगड़ा देवी, मां चामुंडा देवी, मां कुणाल पथरी देवी, मां मनसा देवी, मां काली देवी, मां भद्रकाली देवी, मां नैना देवी, मां चंडी देवी, मां कालका देवी, मां सरकंडा देवी, मां करणी देवी, मां बेरी देवी, मां झंडेवाली देवी, मां कात्यायनी देवी, मां हिंगलाज देवी, मां शाकंभरी देवी, मां शीतला देवी, मां महामाया देवी, बाबा भैरोनाथ, श्री सालासर धाम तथा नेपाल स्थित मां गजेश्वरी देवी की पावन ज्योतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
राजेश अरोड़ा ने बताया कि 10 अक्तूबर को गीता भवन मंदिर से विशाल ज्योति शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए पुरानी दाना मंडी पहुंचेगी। उन्होंने शहर के दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपील की कि वे शोभायात्रा का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत करें तथा फूलों की वर्षा कर मां भगवती की पावन ज्योतियों का अभिनंदन करें।
उन्होंने बताया कि मुख्य धार्मिक समारोह 11 से 20 अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान रोजाना शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक माता की चौकी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन-कीर्तन के माध्यम से मां भगवती का गुणगान किया जाएगा। समारोह स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
📍 Location: मोगा

