Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाबा जीवन सिंह जी की स्मृति में स्मारक गेट का उद्घाटन

September 5, 2026

बाबा जीवन सिंह जी की स्मृति में स्मारक गेट का उद्घाटन

Memorial gate in memory of Baba Jiwan Singh Ji : अमृतसर। जंडियाला गुरु में महान शिरोमणि जरनैल अमर शहीद बाबा जीवन सिंह जी (भाई जैता जी) के जन्म दिवस पर पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने उनकी स्मृति में बनाए गए स्मारक गेट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा जीवन सिंह जी की वीरता, सेवा और गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा को नमन करते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि सिख कौम के वीर योद्धा बाबा जीवन सिंह जी ने श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के बाद उनका पावन शीश अत्यंत श्रद्धा, साहस और निडरता के साथ श्री आनंदपुर साहिब पहुंचाया। उनकी ओर से निभाई यह महान सेवा गुरु के प्रति सच्ची श्रद्धा और प्रेम की बेमिसाल मिसाल है। उन्होंने कहा कि बाबा जीवन सिंह जी ने मानवता, धर्म और सत्य की रक्षा के लिए महान बलिदान दिया। उनकी शहादत हमें हमेशा निडरता, सेवा, समर्पण और मानवता की भलाई के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती रहेगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिरोमणि जरनैल अमर शहीद बाबा जीवन सिंह जी की स्मृति में जंडियाला गुरु में यह स्मारक गेट बनवाने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि सिख इतिहास में बाबा जीवन सिंह जी का अत्यंत ऊंचा और सम्मानित स्थान है तथा उनका जीवन, सेवा, वीरता और महान शहादत हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य की गौरवशाली विरासत, ऐतिहासिक स्थलों और महान शहीदों की यादों को संजोने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जंडियाला गुरु में बनाया गया यह स्मारक गेट आने वाली पीढ़ियों को बाबा जीवन सिंह जी के महान जीवन और शहादत से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने बताया कि जंडियाला गुरु में अमर शहीद बाबा जीवन सिंह जी धर्मशाला तथा भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर जी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जंडियाला गुरु में उपरोक्त विकास कार्यों के लिए फंड जारी करने हेतु पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में सभी धर्मों, महान व्यक्तित्वों और गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का पूरा सम्मान करती है तथा सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग की भलाई और विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें