Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

500 ड्रोनों से साकार हुआ गुरु रविदास जी का संदेश

September 11, 2026

500 ड्रोनों से साकार हुआ गुरु रविदास जी का संदेश

Message brought to life with 500 drones : जालंधर। श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार के विशेष समारोहों की श्रेणी में गांव रंधावा मसंदा में बृहस्पतिवार शाम भव्य ड्रोन शो आयोजित किया गया। 500 ड्रोनों ने रात के आसमान में गुरु जी के जीवन, बाणी, विचारधारा और मानवता के संदेश को विभिन्न आकृतियों के माध्यम से जीवंत किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।

इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक करतारपुर बलकार सिंह अपनी धर्मपत्नी हरप्रीत कौर सहित उपस्थित हुए। इस मौके पर बहन संतोष जी तथा संत बाबा निर्मल दास जी भी शामिल हुए। इस अवसर पर संबोधन देते हुए विधायक करतारपुर बलकार सिंह ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने समस्त मानवता को समानता, भाईचारे, मेहनत, सच्चे आचरण और साझेदारी का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवा पीढ़ी को गुरु जी की महान शिक्षाओं से जोड़ने के लिए यह अनूठा प्रयास किया गया है।

विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरी श्रद्धा और बड़े पैमाने पर मनाने के लिए विभिन्न समारोह करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन समारोहों का उद्देश्य गुरु जी के महान विचारों और मानवता की भलाई के लिए दिए गए संदेशों को हर वर्ग के लोगों, विशेषकर नई पीढ़ी तक आधुनिक और प्रभावशाली तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की सनातन शिक्षाओं और दिव्य संदेशों के प्रति श्रद्धा व सम्मान अर्पित करते हुए पंजाब सरकार द्वारा डेरा सच्चखंड बल्लां के निकट 10.4 एकड़ क्षेत्र में ‘श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ की स्थापना की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में 92 ड्रोन शो करवाए जा रहे हैं, जिनमें डिजिटल तकनीक के माध्यम से गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को रात के समय आसमान में जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर लोगों, विशेषकर युवाओं को समतावादी समाज की रचना के लिए श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया। इससे पहले भाई जसबीर सिंह जालंधर वाले के जत्थे ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें