Site icon Dainik Savera Times

मंत्री Aman Arora ने PUDA भवन का किया निरीक्षण, कहा- कार्य के प्रति ढुलमुल रवैया नहीं किया जाएगा बर्दाश्त

चंडीगढ़: पंजाब के आवास और शहरी विकास मंत्री अमन अरोड़ा ने जनता को पारदर्शी और परेशानी मुक्त तरीके से सेवाएं समयबद्ध तरीके से मुहैया कराने को यकीनी बनाने के क्रम में मंगलवार की शाम को पुडा भवन का औचक निरीक्षण किया। कैबिनेट मंत्री ने प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी विकास अजय कुमार सिन्हा के साथ अधिकारियों पर काम के बोझ और उनके स्तर पर लंबित मामलों का मूल्यांकन करने के लिए विभिन्न शाखाओं का दौरा किया।

अमन अरोड़ा ने वरिष्ठ अधिकारियों से कार्यभार को युक्तिसंगत बनाने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लोकसेवकों का कार्य के प्रति ढुलमुल रवैया किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और फाइलों पर बैठे रहने पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सत्ता में आई है। विभाग ने हाल ही में 42 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और तीन अधिकारियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में चार्जशीट किया था।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एच एंड यूडी विभाग ने एक ऑनलाइन तंत्र स्थापित किया है, जिसमें विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों और फाइलों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की जा रही है। आवेदनों की मंजूरी में अनुचित देरी से उत्पीड़न और अनैतिक भ्रष्ट आचरण होता है जो किसी भी कीमत पर बिल्कुल अस्वीकार्य है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगर उन्हें अपने कर्तव्यों के निर्वहन में कोई समस्या आ रही है तो वह हमेशा उनकी मदद के लिए उपलब्ध हैं लेकिन ईमानदारी और दक्षता प्राथमिकता होनी चाहिए।

Exit mobile version