पटियाला : कैबिनेट मंत्रियों बरिंदर गोयल और डॉ. बलबीर सिंह ने आज यहां सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचाराधीन लहरागागा विधानसभा क्षेत्र के गांव अलीशेर के घायल मनरेगा कर्मियों का हाल-चाल जाना। दोनों मंत्रियों ने पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार इस दुख की घड़ी में पीडि़तों के साथ खड़ी है। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।

डॉ. बलबीर सिंह और बरिंदर गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 2-2 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही घायलों का इलाज भी पंजाब सरकार द्वारा मुफ्त करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मनरेगा कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी की जाएगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल ने बताया कि यह हादसा 18 अक्तूबर को शाम करीब साढ़े चार बजे जाखल-लहरागागा सड़क पर गांव अलीशेर में हुआ। उस समय मनरेगा कर्मी सड़क किनारे पौधे लगाने और सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान जब वे पानी पीने के लिए रुके, तो एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में 8 कर्मियों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल पांच महिला कर्मियों को सरकारी राजिंदरा अस्पताल, पटियाला में भर्ती करवाया गया, जबकि शेष घायलों का संगरूर के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि लापरवाही के कारण हुए इस हादसे में 8 परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार कार चालक के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर मैडीकल कॉलेज के डायरैक्टर-प्रिंसीपल डॉ. आरपीएस सिबिया, मैडीकल सुपरिंटैंडैंट डॉ. विशाल चोपड़ा, बीडीपीओ भवानीगढ़ सुखविंदर सिंह टिवाणा, डॉ. परमजीत सिंह राजा और डॉ. विनोद डांगवाल भी उपस्थित थे।