Site icon Dainik Savera Times

जंडियाला गुरु सांझ केंद्र का मंत्री हरभजन ईटीओ का औचक निरीक्षण

Minister Harbhajan ETO’s surprise inspection : अमृतसर। लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु स्थित पुलिस सांझ केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्टाफ की उपस्थिति, रिकॉर्ड और सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने और बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने सांझ केंद्र के रिकॉर्ड, कार्यप्रणाली तथा लोगों की समस्याओं के निपटारे संबंधी भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने सांझ केंद्र में आए लोगों से बातचीत कर केंद्र की कार्यप्रणाली तथा उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से पुलिस सांझ केंद्र लोगों और पुलिस के बीच संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को पुलिस से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक व्यवस्थित, सुविधाजनक एवं जनहितैषी वातावरण में उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस सांझ केंद्रों में प्रदान की जाने वाली सभी सेवाएं समयबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सांझ केंद्रों का वातावरण सामान्य पुलिस थाने की तरह न होकर एक ऐसे जनहितैषी कार्यालय के रूप में विकसित किया गया है, जहां आम नागरिक बिना किसी डर या झिझक के आकर अपनी आवश्यक सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं तथा अपनी समस्याओं के बारे में जानकारी दे सकते हैं।

सांझ केंद्र के संबंध में जानकारी देते हुए लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि यहां लोगों को विभिन्न पुलिस संबंधी सेवाएं निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इनमें शिकायत प्राप्त करना, शिकायत पर की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी, एफ.आई.आर. या डी.डी.आर. की प्रति, सड़क दुर्घटना के मामले में अनट्रेस्ड रिपोर्ट की प्रति, वाहन चोरी के मामले में अनट्रेस्ड रिपोर्ट की प्रति तथा चोरी के मामले में अनट्रेस्ड रिपोर्ट की प्रति शामिल हैं। इसके अलावा लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र, मेले, प्रदर्शनी या खेल समारोह के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र, प्री-ओन्ड (पुरानी मिल्कियत वाले) वाहन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र, वीजा के लिए पुलिस क्लीयरेंस, चरित्र सत्यापन, किरायेदार सत्यापन, कर्मचारी सत्यापन तथा घरेलू सहायक या नौकर के सत्यापन आदि सेवाएं भी निर्धारित समय के भीतर प्रदान की जा रही हैं। स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने सांझ केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी या अनावश्यक भागदौड़ का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मान एवं विनम्रता से पेश आते हुए उसकी समस्या को ध्यानपूर्वक सुना जाए और निर्धारित समय के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी सेवा के लिए कोई दस्तावेज या अन्य औपचारिकता आवश्यक है तो इसके संबंध में लोगों को स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि वे बिना अनावश्यक परेशानी के अपना काम करवा सकें। उन्होंने कहा कि लोगों को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने के लिए बिना आवश्यकता बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सेवाएं प्रदान करने की प्रक्रिया को हर स्तर पर सरल एवं सुचारू बनाया जाए। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की बात को गंभीरता से सुनना और उसकी समस्याओं का तुरंत समाधान करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि लोगों को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही या अनावश्यक परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version